स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के सेमरा स्टेशन निवासी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश कुमार उर्फ राकेश कुमार ठाकुर को बिहार सरकार द्वारा पटना उच्च न्यायालय में राजकीय अधिवक्ता (Government Advocate) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही मोतिहारी समेत पूरे विधि जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
राकेश कुमार ठाकुर ने अपने विधि व्यवसाय की शुरुआत वर्ष 1996 में मोतिहारी व्यवहार न्यायालय से की थी। अपने समर्पण, कानूनी दक्षता और निरंतर परिश्रम के बल पर उन्होंने वकालत के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। वर्ष 2000 से वे लगातार पटना उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में अपनी प्रभावी पैरवी के लिए जाने जाते हैं। लगभग तीन दशक के अनुभव के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
राजकीय अधिवक्ता के रूप में उनकी नियुक्ति को विधि क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। अधिवक्ता समुदाय का कहना है कि उच्च न्यायालय में लंबे समय से सक्रिय रहने के कारण उन्हें न्यायिक प्रक्रिया एवं संवैधानिक मामलों का व्यापक अनुभव है, जिसका लाभ राज्य सरकार को मिलेगा।
उनकी नियुक्ति पर मोतिहारी के सांसद राधा मोहन सिंह तथा बेतिया के सांसद संजय जयसवाल ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष शेष नारायण कुंवर, महासचिव राजीव कुमार द्विवेदी साथ ही मोतिहारी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र अस्थाना सहित अनेक वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
शुभचिंतकों ने विश्वास जताया कि राकेश कुमार ठाकुर अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और विधिक दक्षता के साथ करेंगे तथा पटना उच्च न्यायालय में बिहार सरकार का पक्ष मजबूती से प्रस्तुत करेंगे। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि मोतिहारी और पूर्वी चंपारण के विधि जगत के लिए भी गर्व का विषय है।






