स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
नदवां, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी के दिन नदवां गांव में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता भारी भीड़ के कारण बीच में ही स्थगित करनी पड़ी। बुधवार दोपहर मैदान में हजारों-लाखों की संख्या में लोग जमा हो गए। कई दर्शक 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए। सुरक्षा को देखते हुए अनंत सिंह ने खुद ऐलान किया कि अब घुड़दौड़ नहीं होगी। लोग मैदान में घूम सकते हैं। प्रतियोगिता बाद में आयोजित की जाएगी।
घुड़दौड़ शादी का सबसे बड़ा आकर्षण थी। विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी इनाम में देने की घोषणा की गई थी। बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों से घोड़े और घुड़सवार पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे प्रतियोगिता शुरू हुई। कुछ राउंड हुए, लेकिन मैदान में भीड़ इतनी बढ़ गई कि ट्रैक नियंत्रित नहीं रह सका। फील्ड छोटा होने और दर्शकों के अंदर घुस आने से हालात बिगड़ गए। अनंत सिंह ने बीच में ही प्रतियोगिता रोक दी और फाइनल मुकाबला टाल दिया गया।
नदवां गांव में शादी के लिए 10-15 बीघे में भव्य पंडाल, हेलीपैड और मेहमानों के लिए विशाल व्यवस्था की गई थी। करीब चार लाख मेहमानों के आने का दावा किया गया था। 150 से अधिक पकवान, हेलीकॉप्टर से मेहमानों की एंट्री और घुड़दौड़—ये सब चर्चा का विषय बने हुए थे। शादी शिवांगी सिंह की बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ऋषिकेश अमेरिका में रहते हैं। उसी दिन अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी हुआ।
अनंत सिंह ने स्पष्ट कहा कि अब घुड़दौड़ नहीं होगी। लोग मैदान में स्वतंत्र रूप से घूम सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए जल्द ही नई तारीख तय की जाएगी। भारी भीड़ के कारण सुरक्षा व्यवस्था भी चुनौतीपूर्ण हो गई थी। कई जगह जाम लग गया था। शादी के अन्य कार्यक्रम जारी हैं। बारात का स्वागत और वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न होने की प्रक्रिया चल रही है।







