लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
फतुहा (पटना) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फतुहा प्रखंड के आदर्श ग्राम अलावलपुर में शुक्रवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से एक लाख पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता, जीवनदीप सेवा फाउंडेशन बिहार के निदेशक एवं फतुहा विधानसभा भाजपा सोशल मीडिया संयोजक रजनीकांत गिरि ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपनी माता एवं धरती माता के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम अलावलपुर से शुरू हुई यह मुहिम जल्द ही गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले, प्रखंडों और जिलों तक पहुंचेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देगी। यह अभियान पूरे बिहार में हरित चेतना जागृत कर नई हरित क्रांति की आधारशिला बनेगा।
रजनीकांत गिरि ने कहा कि पर्यावरण संतुलन, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एक वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन, स्वास्थ्य, समृद्धि और सुरक्षित भविष्य का आधार भी है। आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने "एक पेड़ माँ के नाम - धरती माँ के सम्मान में" के संदेश के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।







