स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
5 घंटे की मेहनत से अंतरराष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने रची अनूठी कलाकृति, पत्ते पर उकेरा 9.76 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु का चित्र
मोतिहारी। बिहार के विकास की नई पहचान बनने जा रहे नीतीश सेतु के उद्घाटन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध रेत कलाकार एवं अंतरराष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्भुत कला का अनोखा नमूना पेश कर एक बार फिर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया है। उन्होंने महज 5 सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते को अपना कैनवास बनाकर उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अत्यंत सूक्ष्म एवं बारीक तस्वीर उकेर दी। इसके साथ ही पत्ते पर अंग्रेजी में 'WELCOME TO BIHAR' और 'NITISH SETU' लिखकर प्रधानमंत्री का अनूठे अंदाज में स्वागत किया।
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बेहद बारीक और आकर्षक कलाकृति को तैयार करने में उन्हें लगभग 5 घंटे का कठिन परिश्रम करना पड़ा। छोटे से पीपल के पत्ते पर तीनों नेताओं की तस्वीरों के साथ गंगा नदी पर बने भव्य पुल का चित्र भी उकेरा गया है। पत्ते पर बनी यह अनोखी कलाकृति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मधुरेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की धरती पर आते हैं, तब-तब वे विकसित बिहार के सपने को साकार करने के लिए राज्य को बड़ी-बड़ी विकास योजनाओं की सौगात देते हैं। बिहार के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है कि पटना के कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाला लगभग 9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का गंगा सेतु उद्घाटन के अवसर पर राज्य को समर्पित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। नीतीश कुमार को बिहार में विकास कार्यों के लिए विकास पुरुष के रूप में भी जाना जाता है। इसी ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर को यादगार बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के उद्देश्य से उन्होंने तीनों नेताओं की तस्वीर के साथ पुल की कलाकृति पीपल के हरे पत्ते पर तैयार की है।
हालिया कलाकृतियों से भी बटोरी सुर्खियां
गौरतलब है कि सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार हाल के दिनों में अपनी कई अनूठी कलाकृतियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। हाल ही में अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव 2026 के अवसर पर उन्होंने चार सहयोगियों के साथ मिलकर सरयू नदी के तट स्थित राम कथा पार्क में 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची विशाल राम दरबार एवं राम मंदिर की रेत कलाकृति तैयार की थी। जिसे कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया है।
इसके अलावा छठ महापर्व के अवसर पर उन्होंने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करती छठव्रतियों की अत्यंत सूक्ष्म तस्वीर हरे पीपल के पत्ते पर बनाई थी। वहीं 16 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर भी उन्होंने अपनी विशिष्ट पत्ता कला के माध्यम से आकर्षक कलाकृति तैयार कर खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
रेत, पत्तों और प्रकृति से जुड़े अन्य माध्यमों को अपनी कला का कैनवास बनाने वाले मधुरेंद्र कुमार की यह नई कलाकृति एक बार फिर उनकी सूक्ष्म कलात्मक प्रतिभा और बिहार के प्रति उनके लगाव को प्रदर्शित करती है।







