इटहरी बनवारी टोला में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 43.92 लीटर विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : महाराजगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इटहरी बनवारी टोला में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से 43 लीटर 920 मिलीलीटर विदेशी शराब, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा तीन मोबाइल फोन जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक ललन सिंह शनिवार की रात सशस्त्र बल के साथ गश्ती एवं वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान रविवार तड़के करीब 4:40 बजे गुप्त सूचना मिली कि बिहार मद्य निषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो, पटना से संबंधित एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR05PA8947) में विदेशी शराब लादकर इटहरी बनवारी टोला की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस टीम सुबह करीब 5:15 बजे इटहरी बनवारी टोला स्थित तीनमुहानी के पास पहुंची और संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। पुलिस को देखते ही वाहन से एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया गया। फरार आरोपी की तलाश की गई, लेकिन वह झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र के ताजपुर फुलवरिया निवासी प्रदुमन कुमार (22 वर्ष) तथा डुमाईगढ़ निवासी मुकेश कुमार यादव (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने फरार आरोपी की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपड़ौली निवासी भोला महतो के रूप में की।
पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पांच कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें रॉयल स्टैग एवं ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की कुल 168 बोतलें शामिल थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 43 लीटर 920 मिलीलीटर बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और शराब ढुलाई में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे भोला महतो के घर पहुंचाया जाना था। शराब एवं वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में महाराजगंज थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।







