स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
दाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव से पूरी तरह नहीं उबर पाए इशान किशन, मैच फिटनेस हासिल नहीं होने के कारण बीसीसीआई ने किया बाहर; कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे।
वेलिंग्टन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का तीसरा मुकाबला आज वेलिंग्टन में खेला जा रहा है। मुकाबले से पहले भारतीय टीम को विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन को लेकर बड़ा अपडेट मिला है। इशान किशन चोट के कारण तीसरे टी20 से भी बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुताबिक इशान किशन लो-ग्रेड दाईं एडक्टर स्ट्रेन से उबर रहे हैं, लेकिन अभी तक मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं। इसी वजह से उन्हें तीसरे मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं रखा गया है। टीम की चिकित्सा टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
दूसरे मैच में भी नहीं खेले थे इशान
इशान को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 के दौरान यह चोट लगी थी। इसके बाद वह दूसरे टी20 से भी बाहर रहे। दूसरे मुकाबले में उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में मौका मिला था।
अब तीसरे टी20 में भी इशान की गैरमौजूदगी में वैभव के टीम संयोजन में बने रहने की संभावना है। दूसरे मैच में उन्होंने आठ गेंदों पर चार रन बनाए थे, जबकि भारत ने रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था।
कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे
इशान किशन के कवर के तौर पर टीम में शामिल किए गए विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 के लिए भी भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे। बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि की है।
हालांकि, कुशाग्र के अंतिम एकादश में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है। इशान की अनुपस्थिति में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन के पास बनी रह सकती है, जबकि टीम प्रबंधन बल्लेबाजी संयोजन को लेकर उपलब्ध विकल्पों पर फैसला करेगा।
तीसरा मैच जीतते ही भारत के नाम होगी सीरीज
भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है। दोनों शुरुआती मुकाबलों में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया है।
अब वेलिंग्टन में तीसरे टी20 में जीत भारत को सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त दिला देगी। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। तीसरे मैच में हार का मतलब होगा कि मेजबान टीम सीरीज गंवा देगी।
इशान किशन की चोट भारतीय टीम के लिए जरूर चिंता का विषय है, लेकिन उनकी रिकवरी अच्छी बताई गई है। फिलहाल टीम प्रबंधन उन्हें लेकर किसी तरह का जोखिम लेने के बजाय पूरी तरह फिट होने का इंतजार कर रहा है।







