विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग पूरी तरह खत्म हो चुकी है और दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ईरान के खिलाफ किसी नई सैन्य कार्रवाई की आवश्यकता नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि, अगर परिस्थितियां बदलती हैं तो अमेरिका दोबारा कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी बयान दिया और कहा कि दोनों देश लंबे समय से जारी लड़ाई से थक चुके हैं तथा इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत जारी है।
ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद व्हाइट हाउस में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान ईरान के साथ युद्ध की स्थिति पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सैन्य दृष्टि से ईरान लगभग समाप्त हो चुका है और अमेरिका फिलहाल मौजूदा स्थिति को बनाए रख रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी नतीजे की गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन जरूरत पड़ने पर अमेरिका फिर से सैन्य कार्रवाई करने में सक्षम है। उनके मुताबिक, वर्तमान परिस्थितियों में ऐसी किसी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है और संघर्ष अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत को पूरी तरह कुचल दिया गया है। हालांकि, अमेरिका का उद्देश्य केवल सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वह यह भी सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को हमेशा के लिए निष्क्रिय करने का कोई स्थायी समाधान निकाला जाए। ट्रंप ने कहा कि ईरान की निर्माण क्षमता में भारी गिरावट आई है और यह लगभग 85 प्रतिशत तक समाप्त हो चुकी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अब अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है और उसका रवैया पहले की तुलना में काफी नरम है। उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा, यह देखना बाकी है, लेकिन पूरी संभावना है कि यह मामला जल्द समाप्त हो सकता है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका के नागरिक और दुनिया के अन्य देशों के लोग पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक सुरक्षित होंगे। उनके अनुसार, ईरान की गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही थी और अब इस खतरे को काफी हद तक कम कर दिया गया है। उन्होंने दोहराया कि यदि अमेरिका को दोबारा सैन्य कार्रवाई करनी पड़ी तो उसकी सेना पूरी तरह तैयार है और किसी भी समय कार्रवाई करने में सक्षम है।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी दिया बयान
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर ट्रंप ने कहा कि दोनों देश लगातार लड़ाई करते-करते थक चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि वह दोनों देशों को बातचीत की मेज पर लाने में सफल रहे हैं और इस दिशा में प्रयास जारी हैं। ट्रंप के मुताबिक, अबू धाबी में रूस-यूक्रेन के बीच चल रही बातचीत और बैठकें ठीक दिशा में आगे बढ़ रही हैं। अमेरिका इस संघर्ष का समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है, ताकि दोनों देशों के बीच जारी युद्ध को समाप्त किया जा सके।
ट्रंप ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने की उनकी कोशिश केवल इसलिए नहीं है कि इस संघर्ष का अमेरिका पर कोई प्रभाव पड़ता है, बल्कि यह व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें प्रभावित करता है। उन्होंने युद्ध में हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए दावा किया कि हर महीने लगभग 25 हजार लोग मारे जा रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, अमेरिका दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने और युद्ध समाप्त कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।







