लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
- एसपी भारत सोनी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह, महावीर झंडा, दुर्गा पूजा और छठ महापर्व में विधि-व्यवस्था संभालने में निभाई अहम भूमिका.
सीवान/ दरौंदा। जिले में महावीर झंडा, दुर्गा पूजा एवं छठ महापर्व 2026 के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सराहनीय योगदान देने वाले दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह को सम्मानित किया गया है।
उनके कर्तव्यनिष्ठा, अथक परिश्रम, सेवाभाव एवं उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए सीवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उक्त पर्वों के दौरान थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा छठ घाटों पर स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष तत्परता दिखाई।
पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए उन्होंने पुलिस टीम के साथ लगातार सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. उनके इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने से पुलिस महकमे में भी उत्साह का माहौल है. यह सम्मान उनके कार्यों के प्रति विभाग की सराहना और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।







