लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक 12 अगस्त को आयोजित होगी। बैठक प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे प्रखंड कृषि कार्यालय, दारौंदा के सभागार में होगी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह सदस्य सचिव, उर्वरक निगरानी समिति दारौंदा की ओर से जारी पत्र में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को बैठक में समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। बैठक में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जिला पार्षद, बीडीओ, सीओ, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, पैक्स अध्यक्ष, उर्वरक प्रतिष्ठानों के अनुज्ञप्तिधारी, कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक सहित प्रखंड स्तरीय पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।
खाद की उपलब्धता और वितरण पर होगी चर्चा
खरीफ मौसम में किसानों को उर्वरक की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें क्षेत्र में खाद की उपलब्धता, मांग के अनुरूप आपूर्ति, किसानों के बीच पारदर्शी वितरण, निर्धारित नियमों के अनुपालन सहित अन्य कृषि संबंधी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामवीर सिंह यादव ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से बैठक में समय पर भाग लेने का अनुरोध किया है।







