लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा. प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में शुक्रवार को एफएलएन के तहत संकुल संचालकों एवं समन्वयकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं गणन क्षमता को मजबूत बनाना रहा. प्रशिक्षक शशि भूषण सिन्हा, मनीष पाण्डेय एवं विशाल कुमार ने एफएलएन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों में शुरुआती स्तर पर पढ़ने-लिखने और गणना करने की क्षमता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई की नींव मजबूत हो सके. प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण विधियों, गतिविधि आधारित शिक्षा एवं कक्षा संचालन के बेहतर तरीकों पर भी चर्चा की गई, साथ ही प्रतिभागियों को व्यवहारिक रूप से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया. इस अवसर पर समन्वयक रविंद्र कुमार, कमलेश कुमार सिंह, कमलेश्वर प्रसाद, क्यामुदीन अंसारी एवं लेखापाल संजय गुप्ता सहित कई अन्य उपस्थित रहे.







