लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान ने "ऑपरेशन अमानत" के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छूटे दो झोलों को उनके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 15 जुलाई को वाराणसी नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 13020 के जनरल कोच में दो झोले छूट गए हैं। सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान अनिल कुमार ने ट्रेन के सीवान जंक्शन पहुंचने पर संबंधित कोच की जांच की, जहां से दोनों झोले बरामद किए गए। बरामद सामान को सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ पोस्ट सीवान में सुरक्षित रखकर सूचना पंजिका में दर्ज किया गया।
गुरुवार को महिला यात्री राहुल कुमार, पत्नी कहेसी गोंड़, निवासी महाराज जी पैकवली, थाना पैकवली, जिला देवरिया, आरपीएफ पोस्ट सीवान पहुंचीं। उन्होंने एएसआई नंद किशोर सिंह को बताया कि वह 15 जुलाई को गाड़ी संख्या 13020 से यात्रा कर रही थीं। देवरिया स्टेशन पर उतरते समय उनके दो झोले जनरल कोच में छूट गए थे, जिसके बाद उन्होंने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में उन्हें सूचना मिली कि उनका सामान आरपीएफ पोस्ट सीवान में सुरक्षित रखा गया है।
यात्री द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर सुरक्षित रखे गए झोलों की पहचान कराई गई, जिसे उन्होंने अपना बताया। महिला ने बताया कि झोलों में एक चांदी की पायल, गले में पहनने वाला सोने का एक लॉकेट तथा कुछ नए एवं पुराने कपड़े रखे थे। इसके बाद एएसआई नंद किशोर सिंह ने गवाहों की उपस्थिति में झोलों की जांच कराई, जिसमें सभी सामान सही-सलामत मिला। बरामद सामान का अनुमानित मूल्य करीब **10 हजार रुपये** बताया गया।
सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फर्द सुपुर्दगीनामा तैयार कर रोजनामचा लेखक कौशल किशोर की उपस्थिति में दोनों झोले महिला यात्री को सौंप दिए गए। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने आरपीएफ पोस्ट सीवान की त्वरित एवं सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।







