लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दरौंदा प्रखंड क्षेत्र में करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए राजीव रंजन सिंह उर्फ बबलेश सिंह ने निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ शिम्पी कुमारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। वहीं, अल्का देवी, पति रमेश कुमार सिंह उर्फ नीलू सिंह ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के बाद क्षेत्र में चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नामांकन के दौरान समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।
संभावित प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क साधकर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। वहीं, अन्य प्रत्याशियों के चुनावी मैदान में उतरने को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 19 एवं 20 अगस्त को नामांकन होगा। 21 एवं 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, जबकि 25 अगस्त को अभ्यर्थिता वापसी एवं प्रतीक आवंटन किया जाएगा। एक सितंबर को सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी। तीन सितंबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। दो प्रत्याशियों के नामांकन के साथ करसौत पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव अब दिलचस्प हो गया है।







