लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा। करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को बीडीओ सिम्पी कुमारी की देखरेख में मतदान कर्मियों के बीच चुनाव सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो सके।
पैक्स अध्यक्ष पद के लिए इस बार अल्का देवी और राजीव रंजन सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव को लेकर करसौत पंचायत क्षेत्र में पिछले कई दिनों से सरगर्मी तेज है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
तीन मतदान केंद्रों पर 1414 मतदाता करेंगे मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को राजकीय मध्य विद्यालय करसौत में बनाए गए तीन मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। यहां कुल 1414 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बीडीओ सिम्पी कुमारी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान कर्मियों को निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
### मतदान के बाद आज ही होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद मंगलवार को ही मतगणना कराई जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी के साथ अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।






