हेल्थ डेस्क, श्वेता प्रिया।
बेंगलुरु। छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कर्नाटक सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों के आसपास जंक फूड की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। सरकार के अनुसार, शैक्षणिक संस्थानों के परिसर और उनके 50 मीटर के दायरे में हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट (HFSS) वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री, प्रचार और मुफ्त वितरण पर रोक रहेगी।
राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी शैक्षणिक संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए पौष्टिक और संतुलित भोजन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
सरकार का कहना है कि बच्चों और युवाओं में बढ़ते मोटापे, मधुमेह और अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत स्कूल और कॉलेज परिसर के आसपास जंक फूड बेचने वालों पर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे छात्रों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित होगी और भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।







