स्टेट डेस्क, मुस्कान सिंह।
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर लोगों और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है, इसलिए किसी भी पात्र नागरिक को लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न मामलों के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश भी दिए। जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, विवाह सहायता, वृद्धावस्था पेंशन तथा निराश्रितों के लिए संचालित योजनाएं आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं के लिए आवेदन कराने में मदद की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।







