कार के लिए पैसे नहीं मिले तो बेटे ने ग्राइंडर से पिता का गला काटा, गुजरात से गिरफ्तार
स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में कार खरीदने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि 25 वर्षीय मुकेश परमार ने इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन से अपने पिता मोहनलाल परमार (59) का गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया है।
मोहनलाल मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के देसूरी के रहने वाले थे। वह करीब 30 साल से महाराष्ट्र के पालघर में रह रहे थे और दादर में बर्तनों की दुकान चलाते थे।
कार के लिए पैसे देने से पिता ने किया था इनकार
मुंबई पुलिस के मुताबिक, मोहनलाल ने बेटे मुकेश को नई कार खरीदने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके कुछ देर बाद मुकेश हार्डवेयर की दुकान से टाइल काटने वाली इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन खरीदकर घर लौटा और उसी से पिता की हत्या कर दी।
फोन नहीं उठा तो दोस्त को फ्लैट पर भेजा
घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। वारदात के समय मोहनलाल और मुकेश फ्लैट पर थे। मोहनलाल की पत्नी पवनी देवी अपनी सास की तबीयत ठीक नहीं होने और नवरात्रि के चलते पैतृक गांव देसूरी आई हुई थीं। उनके बाकी दोनों बेटे दुकान पर थे।
छोटे बेटे भावेश ने पिता को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद भावेश ने अपने दोस्त को फ्लैट पर भेजा। दोस्त वहां पहुंचा तो कमरे में मोहनलाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में मृत घोषित किया, भरूच से आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मोहनलाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद मुकेश मौके से फरार हो गया था।
पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के गुजरात के भरूच में होने की जानकारी मिलने के बाद उसे सोमवार को ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मुकेश भी अपने पिता के साथ दुकान संभालता था।
मंगलवार को गांव में हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मोहनलाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर राजस्थान के देसूरी रवाना हुए और मंगलवार सुबह गांव पहुंचे। इसके बाद मोहनलाल का अंतिम संस्कार किया गया।






