लोकल डेस्क, नीतीश कुमार।
मोतिहारी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य राजकीय समारोह आयोजित किया गया। बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
मंत्री के समारोह स्थल पर पहुंचने के बाद गार्ड ऑफ ऑनर के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के साथ ही गांधी मैदान देशभक्ति के माहौल में बदल गया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, छात्र-छात्राएं और आम लोग मौजूद रहे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार का जोर
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने बिहार सरकार की ओर से चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने आने वाले समय में शुरू होने वाली योजनाओं की भी जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना और राज्य के समग्र विकास को गति देना है।
पहली बार मुख्य मंच से गूंजा 'वंदे मातरम्'
इस वर्ष समारोह का खास आकर्षण गांधी मैदान के मुख्य मंच से हुआ 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन और वादन रहा। पहली बार आयोजित इस प्रस्तुति के दौरान पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के रंग में नजर आया। सामूहिक गायन में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इसके बाद बिहार पुलिस, स्काउट-गाइड और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। अनुशासित कदमताल करते हुए जवानों और स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। परेड में शामिल टुकड़ियों के प्रदर्शन की मौजूद लोगों ने सराहना की।
पुलिस लाइन में एसपी ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में भी समारोह आयोजित किया गया। यहां पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रोत्साहित किया और ईमानदारी व समर्पण के साथ कर्तव्य निभाने का संदेश दिया।







