लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
रक्सौल। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा का दूसरा अनुष्ठान खरना शनिवार को अनुमंडल क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर व्रतियों ने पूरे दिन अन्न और जल का त्याग कर निर्जला उपवास रखा। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया।
खरना को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष तैयारियां शुरू हो गई थीं। मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच में पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। गुड़ और चावल से बनी खीर (रसियाव) के साथ रोटी और पूरी का भोग लगाया गया। प्रसाद तैयार होने के दौरान घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बिहार और पूर्वांचल में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह महापर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और संस्कारों को जोड़ने का भी माध्यम है। छठ की आस्था का ही प्रभाव है कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग भी इस अवसर पर अपने घर और परिवार के बीच पहुंचते हैं। घर-आंगन से लेकर छठ घाटों तक श्रद्धा, उत्साह और पारिवारिक मिलन का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है।
छठ महापर्व का कठिन 36 घंटे का निर्जला व्रत अब अपने अगले महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इस दौरान व्रती सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करेंगे।







