लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा. प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय दरौंदा के परिसर में 24 अप्रैल तक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं. शुक्रवार से स्वगणना की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है और इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है.
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी एक गाइडलाइन पुस्तक के माध्यम से दी गई. इसमें स्वगणना से लेकर मकान सूचीकरण तक की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया. इस बार की जनगणना में कई नए पहलुओं को शामिल किया गया है. खास बात यह है कि परिवार की गणना अब महिला के आधार पर की जाएगी. यदि किसी पुरुष की दो पत्नियां हैं, तो उन्हें दो अलग-अलग परिवार माना जाएगा, जबकि यदि किसी महिला के दो पति हैं, तो उसे एक ही परिवार के रूप में गिना जाएगा. इससे परिवार की संरचना को नए तरीके से समझने की कोशिश की जा रही है.
जनगणना के दौरान परिवार में कितने सदस्य हैं, कितने विवाहित और अविवाहित हैं, एक घर में कितने परिवार रहते हैं, इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी, साथ ही परिवार का मुखिया महिला है या पुरुष, इसकी भी स्पष्ट रूप से प्रविष्टि की जाएगी. परिवार के मुखिया की जाति भी दर्ज की जाएगी.
इसके अलावा लोगों के जीवन स्तर से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी एकत्र की जाएंगी. इधर जनगणना कार्य के लिए चल रही प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन ने निरीक्षण किया. उन्होंने भी जनगणना से संबंधित कोई अहम जानकारी दी.







