लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/ दरौंदा । अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण को लेकर जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में 12 फरियादी भूमि संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे। सीओ वेद प्रकाश नारायण एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी मामलों की सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान 10 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, दो मामलों में आवश्यक दस्तावेज एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया। जांच पूरी होने तक दोनों मामलों को लंबित रखा गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
सीओ एवं थानाध्यक्ष ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़े। उन्होंने लोगों से जनता दरबार का लाभ उठाने की अपील की। मौके पर राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







