लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दरौंदा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 11 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। सभी मामलों की सुनवाई सीओ वेद प्रकाश नारायण, राजस्व अधिकारी स्वर्णिका चन्द्रा, रविंद्र राम एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई।
सुनवाई के दौरान प्राप्त 11 मामलों में से आठ का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष तीन मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया। जांच पूरी होने तक इन मामलों को लंबित रखा गया है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
राजस्व अधिकारी स्वर्णिका चन्द्रा एवं रविंद्र राम ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने आम लोगों से भूमि विवादों के समाधान के लिए जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जनता दरबार में राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







