लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। दरौंदा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 15 फरियादी अपनी शिकायतों के साथ पहुंचे, जिनकी सुनवाई अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई।
सुनवाई के दौरान प्राप्त 15 मामलों में से 11 का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष चार मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर मामले लंबित रखे गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







