विदेश डेस्क,श्रेयांश पराशर l
वॉशिंगटन । डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि “समय निकलता जा रहा है” और यदि जल्द कोई समझौता नहीं हुआ तो उस पर लगाई गई पाबंदियां और भी कड़ी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि घड़ी की सुई लगातार टिक-टिक कर रही है और हालात तब तक बिगड़ते जाएंगे जब तक कोई ऐसा समझौता नहीं होता जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के हित में हो।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्पष्ट किया कि “समय उनके पक्ष में नहीं है” और मौजूदा नाकेबंदी पूरी तरह मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में स्थिति और खराब हो सकती है, लेकिन कोई भी समझौता तभी किया जाएगा जब वह अमेरिका, उसके सहयोगियों और वैश्विक हितों के अनुरूप होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मीडिया रिपोर्ट्स पर भी निशाना साधते हुए कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन जैसे संस्थान यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह ईरान के साथ टकराव समाप्त करने के लिए “बेचैन” हैं, जबकि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि वह इस पद पर रहते हुए सबसे कम दबाव महसूस करने वाले व्यक्ति हैं और उनके पास निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय है, लेकिन ईरान के पास नहीं।
ट्रंप ने ईरान की सैन्य स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि उसकी नौसेना दबाव में है और वायुसेना काफी हद तक कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के विमान-रोधी और रडार सिस्टम भी नष्ट हो चुके हैं और उसके कई प्रमुख नेता अब सक्रिय नहीं हैं।
विशेषज्ञ इस बयान को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जहां कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं अभी अनिश्चित बनी हुई हैं।







