लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
- एक घंटे तक एनएच-531 पर बाधित रहा यातायात, क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन।
सीवान/दारौंदा। छपरा–सीवान एनएच-531 मुख्य सड़क पर दरौंदा थाना क्षेत्र के मछौता गांव के समीप बुधवार की रात करीब नौ बजे डंपर और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों भारी वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना में डंपर का चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक दर्द से कराहता रहा, लेकिन केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे बाहर निकालना काफी मुश्किल था। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी देर तक अथक प्रयास कर भारी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना श्रीराम फाइनेंस कंपनी के मैनेजर रितेश कुमार सिंह ने तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना के कारण छपरा–सीवान मुख्य सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रक चालक की पहचान करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है।






