विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन की उस चेतावनी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कंपनी ने प्रस्तावित 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट' लागू होने पर ग्राहकों के ऑर्डर की कीमत में 5 डॉलर तक की बढ़ोतरी होने की आशंका जताई है। ममदानी ने कंपनी के इस कदम को लालच बताते हुए आरोप लगाया कि अमेजन डिलीवरी लागत बढ़ने का हवाला देकर वास्तव में श्रमिकों के अधिकारों और सड़क सुरक्षा से जुड़े कानून का विरोध कर रही है।
ममदानी ने अमेजन पर साधा निशाना
जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अमेजन को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अमेजन खरबों डॉलर की कंपनी है और अगर उसके मालिक जेफ बेजोस ग्राहकों के ऑर्डर में 5 डॉलर अतिरिक्त जोड़ते हैं, तो इसकी वजह सिटी काउंसिल की ओर से श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और सड़कों को सुरक्षित बनाने की कोशिश नहीं है, बल्कि यह कंपनी का लालच है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह केवल मुनाफा कमाने की कोशिश है। साथ ही उन्होंने सिटी काउंसिल से 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट' को जल्द पारित करने की अपील की।
मेयर और अमेजन के बीच यह कोई पहला सार्वजनिक विवाद नहीं है। कंपनी प्रस्तावित कानून का लगातार विरोध कर रही है। अमेजन का दावा है कि इस कानून के लागू होने से उसका डिलीवरी नेटवर्क प्रभावित हो सकता है और परिचालन लागत में बढ़ोतरी होगी। कंपनी ने यह भी आशंका जताई है कि इसके चलते न्यूयॉर्क में हजारों नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं।
ग्राहकों को 5 डॉलर अतिरिक्त खर्च की चेतावनी
अमेजन ने 19 नवंबर से अपनी वेबसाइट और मोबाइल एप पर न्यूयॉर्क के ग्राहकों को चेतावनी देनी शुरू कर दी है। कंपनी के संदेश में कहा गया है कि यदि 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट' अपने मौजूदा स्वरूप में पारित होता है, तो प्रत्येक ऑर्डर पर 5 डॉलर तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है। इसके साथ ही कंपनी ग्राहकों से अपील कर रही है कि वे अपने क्षेत्र के सिटी काउंसिल प्रतिनिधियों से संपर्क करें और प्रस्तावित विधेयक का विरोध दर्ज कराएं। इसके लिए अमेजन ने अपनी वेबसाइट और मोबाइल एप पर एक विशेष लिंक भी उपलब्ध कराया है। इस लिंक के माध्यम से ग्राहक अपने चुने हुए जनप्रतिनिधियों को सीधे संदेश भेजकर कानून के खिलाफ अपनी राय रख सकते हैं। कंपनी इस अभियान के जरिए विधेयक के विरोध में जनसमर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।
36 घंटे में भेजे गए 60 हजार से अधिक ईमेल
अमेजन ने दावा किया कि प्रस्तावित कानून के कारण उसे उन छोटे डिलीवरी व्यवसायों के साथ काम करने में परेशानी हो सकती है, जिनकी सेवाओं पर उसका मौजूदा वितरण नेटवर्क निर्भर है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि यदि कानून लागू होता है, तो उसे न्यूयॉर्क में अपना कारोबार जारी रखने के फैसले पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। इसके परिणामस्वरूप ग्राहकों को सामान पहुंचने में अधिक समय लग सकता है और डिलीवरी की कीमत भी बढ़ सकती है।
कंपनी के मुताबिक, इस अभियान के शुरुआती छह घंटों के भीतर ही न्यूयॉर्क के करीब 20 हजार लोगों ने उसके दिए गए लिंक का इस्तेमाल कर सिटी काउंसिल सदस्यों से संपर्क किया था। बाद में अमेजन ने जानकारी दी कि अभियान के पहले 36 घंटों में 60 हजार से अधिक ईमेल जनप्रतिनिधियों को भेजे जा चुके थे। कंपनी इन आंकड़ों के जरिए विधेयक के खिलाफ लोगों की भागीदारी का दावा कर रही है।
पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं ममदानी और अमेजन
जोहरान ममदानी और अमेजन के बीच इससे पहले भी विवाद हो चुका है। मई 2026 में ममदानी ने घोषणा की थी कि उनके प्रशासन ने अमेजन से 90 लाख डॉलर से अधिक की राशि वसूल की है। यह रकम वाहनों को लंबे समय तक इंजन चालू रखकर खड़ा करने यानी आइडलिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर लगाए गए बकाया जुर्माने के रूप में वसूली गई थी।
ये जुर्माने अमेजन लॉजिस्टिक्स और उसके तीसरे पक्ष के परिवहन ठेकेदारों के नेटवर्क के तहत संचालित डिलीवरी वाहनों से संबंधित थे। शहर प्रशासन के अनुसार, आइडलिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन के मामले में अमेजन पर सबसे बड़ी बकाया राशि थी, जिसका भुगतान नहीं किया गया था। इस वसूली पर प्रतिक्रिया देते हुए ममदानी ने कहा था कि अमेजन दो ट्रिलियन डॉलर की कंपनी होने के बावजूद उन लाखों डॉलर के जुर्माने का भुगतान करने से बचती रही, जो उसके ट्रकों द्वारा अवैध रूप से प्रदूषण फैलाने के कारण लगाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कंपनी के वाहन लंबे समय तक इंजन चालू रखकर हवा को प्रदूषित करते हैं, जिससे न्यूयॉर्क के लोगों को जहरीले धुएं में सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अब डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर टकराव सामने आया है।







