लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। दारौंदा तंबाकू मुक्त विद्यालय स्वस्थ अभियान एवं विद्यालय पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाध्यापकों को संबंधित पोर्टल पर विद्यालय का पंजीकरण एवं आवश्यक विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि विद्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है। इस दौरान तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण जेपी कुमार, राहुल कुमार आदि ने दिया। मौके पर करुणाकांत तिवारी, कमलेश सिंह, मनोज कुमार सिंह, रविंद्र कुमार, अवधकिशोर प्रसाद, रामाशंकर प्रसाद सहित अन्य प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।







