तमिलनाडु के कोयंबटूर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, H5N1 वायरस मिलने के बाद बढ़ाई गई निगरानी
नेशनल डेस्क, श्वेता प्रिया
नई दिल्ली: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में एक जंगली पक्षी में बर्ड फ्लू (H5N1) वायरस की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD), भोपाल की जांच में मृत पक्षी के सैंपल में संक्रमण पाया गया। इसके बाद पशुपालन विभाग ने प्रभावित इलाके में निगरानी और बचाव के उपाय तेज कर दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, 18 नवंबर को कोयंबटूर के सिद्धापुदुर इलाके में एक नाले के पास 14 तालाबों में रहने वाले बगुले मृत पाए गए थे। वन विभाग ने पक्षियों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे थे। जांच में एक पक्षी में H5N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
एक किलोमीटर के दायरे में नहीं है पोल्ट्री फार्म
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित स्थान के एक किलोमीटर के दायरे में कोई पोल्ट्री फार्म नहीं है और घरेलू मुर्गियों की मौत का मामला भी सामने नहीं आया है। इसलिए फिलहाल घरेलू पक्षियों को मारने की जरूरत नहीं बताई गई है।
पोल्ट्री फार्मों को किया गया सतर्क
संक्रमण की पुष्टि के बाद आसपास के पोल्ट्री फार्मों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। तमिलनाडु और केरल की सीमा पर 12 चेक पोस्टों के जरिए पक्षियों और पोल्ट्री से जुड़ी सामग्री की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं पक्षियों की असामान्य मौत दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।







