एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा।
तेलुगु अभिनेता तेजा सज्जा ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए 16 नवंबर 2026 को हैदराबाद में अपनी मंगेतर मौर्या के साथ सगाई कर ली। यह समारोह बंजारा हिल्स स्थित ताज कृष्णा होटल में आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों के साथ तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। सगाई समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।
इस खास मौके पर साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी, राणा दग्गुबाती, रवि तेजा और नानी समेत कई सितारे पहुंचे। इनके अलावा निर्माता अल्लू अरविंद, निर्देशक के. राघवेंद्र राव और अभिनेत्री निहारिका कोनिडेला भी समारोह में शामिल हुए। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
तेजा सज्जा की मंगेतर मौर्या अमेरिका में पली-बढ़ी हैं और टेक्नोलॉजी क्षेत्र से जुड़ी हैं। अभिनेता ने पहले एक इंटरव्यू में बताया था कि मौर्या और उनका परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा नहीं है। उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी की निजता का सम्मान करते हुए उनके बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अभिनेता के अनुसार, यह रिश्ता परिवारों की सहमति से तय हुआ है।
सगाई के बाद अब तेजा सज्जा की शादी की तैयारियों को लेकर चर्चा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों दिसंबर 2026 में राजस्थान के उदयपुर में शादी कर सकते हैं। शादी के बाद हैदराबाद में एक रिसेप्शन आयोजित करने की भी योजना है। हालांकि, शादी की सटीक तारीख अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बता दें कि तेजा सज्जा को फिल्म ‘हनुमान’ से देशभर में खास पहचान मिली थी। इसके अलावा वह ‘जॉम्बी रेड्डी’ और ‘मिराई’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। उनकी सगाई की खबर सामने आने के बाद प्रशंसक उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयां दे रहे हैं।







