दरौंदा-महाराजगंज मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों में लगी आग, घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दरौंदा-महाराजगंज मुख्य सड़क पर रामजानकी मंदिर एवं झोर पुल के बीच सोमवार की दोपहर सड़क किनारे झाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। हालांकि तेज हवा के कारण आग तेजी से पश्चिम दिशा की ओर फैलने लगी, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए गंभीर हो गई।
अग्निशमन कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क किनारे लगी आग पर काबू पा लिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चवर क्षेत्र की कुछ झाड़ियों में आग सुलग रही थी। अग्निशमन दल लगातार आग को पूरी तरह बुझाने में जुटा रहा।
इस अभियान में प्रधान अग्निक मुन्ना कुमार एवं अग्निक ज्योति कुमारी सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आग पर नियंत्रण पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।







