लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
दरौंदा: थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों द्वारा महिला और उसके पति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला काजल देवी तथा उनके पति संदीप मांझी घायल हो गए, जिसके बाद मामला थाना तक पहुंचा।
पीड़िता काजल देवी ने दरौंदा थाना में दिए गए आवेदन में बताया कि उनके पड़ोसियों द्वारा भूमि का बंटवारा नहीं किया जा रहा था। जब उन्होंने बंटवारे को लेकर बातचीत की, तो इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें वह और उनके पति घायल हो गए। घटना के बाद दोनों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला के आवेदन के आधार पर पुलिस ने राम उदित मांझी, नंदकिशोर मांझी, रोहित कुमार मांझी सहित दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपित पीड़िता के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि कांड संख्या 17/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







