लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर चंवर में 23 अप्रैल को नर कंकाल मिलने के मामले में चौकीदार सरोज कुमार यादव के बयान पर दरौंदा थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को करीब 10 बजे डिब्बी बाजार पर मौजूद लोगों को जलालपुर चंवर में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी पुष्टि की। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। दरौंदा थाना की टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया है। साथ ही मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए डीएनए जांच एवं फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की कहीं अन्यत्र हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया हो।







