लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौली। नेपाल और सरयू नदी के तटवर्ती उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर दरौली में लगातार पांचवें दिन खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। रविवार को नदी का जलस्तर 61 मीटर 24 सेंटीमीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 60 मीटर 82 सेंटीमीटर से 42 सेंटीमीटर अधिक है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार एल्गिन ब्रिज से मिले पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक दिन में जलस्तर स्थिर होने की संभावना है।
जलस्तर में लगातार वृद्धि से नदी के निचले इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। तटीय गांवों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बाढ़ विभाग के जेई प्रिंस कुमार ने बताया कि बाढ़ निरोधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दरौली में 20 हजार जियो बैग में बालू भरकर रखा गया है। फिलहाल जलस्तर बढ़ने के बावजूद किसी स्थान पर कटान की सूचना नहीं है। नदी की चौड़ाई अधिक होने के कारण तटबंध पर पानी का दबाव भी नहीं है। तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।







