लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कराने तथा युवाओं को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा होते हैं और देश व समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है और सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त कराया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने सीवान जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव प्रयास करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।
शपथ कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सीपी कुमारी, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण, अशोक कुमार सिंह सहित प्रखंड कार्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







