लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दारौंदा थाना क्षेत्र के गोबिंदापुर गांव में सीवान न्यायालय के आदेश पर फरार वारंटी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में विधि-सम्मत तरीके से संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार गोबिंदापुर गांव निवासी फरार वारंटी संजय भारती उर्फ भारती महतो, पिता अकलू महतो, लंबे समय से न्यायालय के आदेश के बावजूद फरार चल रहा था। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर पुलिस टीम उसके आवास पर पहुंची और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए फरार आरोपितों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







