लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान/दारौंदा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों की सुविधा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार, 15 जुलाई को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने आदेश जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
जिला पदाधिकारी, सिवान के निर्देश के आलोक में आयोजित इस शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) किया जाएगा। इसके अलावा पेंशन से संबंधित शिकायतों का मौके पर निस्तारण भी किया जाएगा।
शिविर के दौरान **कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना तथा बिहार शताब्दी कुष्ठ कल्याण योजना** के पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे।
प्रखंड प्रशासन ने सभी पात्र लाभुकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।







