लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दरौंदा थाना क्षेत्र के दपनी बाजार में रविवार को दहशत फैलाने के उद्देश्य से बाइक सवार अपराधियों ने दो हवाई फायरिंग की। फायरिंग की घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी बाइक पर सवार होकर बगौरा गांव की ओर से दपनी बाजार पहुंचे और दो राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद पुनः बगौरा गांव की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों द्वारा दो हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है, हालांकि घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।







