लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
निःशुल्क दवाओं का किया गया वितरण, चिकित्सकों ने पौष्टिक आहार और नियमित जांच कराने की दी सलाह
सीवान। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 86 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में गर्भवती महिलाओं की सर्दी, खांसी, बुखार और रक्तचाप की जांच की गई। इसके बाद लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने रक्त के नमूने लेकर एचआईवी, हीमोग्लोबिन, शुगर, रक्त समूह एवं वजन सहित अन्य जरूरी जांच की। जांच के उपरांत महिलाओं के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जमशेद आलम एवं डॉ. रजिया सुल्ताना ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। वहीं, डॉ. जमशेद आलम ने मौसम में बदलाव को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की।
लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने बताया कि सभी महिलाओं के रक्त नमूनों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जांच रिपोर्ट जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी। मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. जमशेद आलम, डॉ. रजिया सुल्ताना, एएनएम जूली कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।






