दारौंदा : 3 दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का शुभारंभ, 18 विभागों ने दीं सेवाएं
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार से तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिन 18 विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने स्टॉल पर मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में जुटे रहे। शिविर का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी की देखरेख में किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी ने बताया कि मुख्य सचिव, बिहार एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना है। शिविर में आवेदन प्राप्त करने, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी, दस्तावेजों की जांच तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। एक ही परिसर में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, मनरेगा, जीविका, आईसीडीएस, उद्योग, श्रम, कल्याण, आपूर्ति, राजस्व एवं पंचायती राज समेत 18 विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विभागों को कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 18, पेंशन योजना के 10, श्रम विभाग के 2 तथा आपूर्ति विभाग के 2 आवेदन शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन करने की अपील की है।







