लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
- झोर बोहटा नदी को अतिक्रमणमुक्त कराने समेत पंचायतों की समस्याएं उठीं।
सीवान/दरौंदा । प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले के वरीय अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सिंपी कुमारी ने जिला पदाधिकारी विजय कुमार मीणा को बुके एवं पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया. बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विजय कुमार मीणा ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं तत्परता के साथ निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना है. पदाधिकारी आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उसके निराकरण की दिशा में त्वरित कार्रवाई करें. डीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दें. पंचायतों से प्राप्त समस्याओं और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का भी निर्देश दिया. बैठक में जलालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण सिंह ने झोर बोहटा नदी को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा उसकी सफाई कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि नदी की सफाई और अतिक्रमण हटने से जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिल सकती है. वहीं करसौत पंचायत के मुखिया रामकृष्ण सिंह उर्फ काका ने पंचायत में खेल मैदान एवं पार्क विकसित करने तथा व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पंचायत का पर्यावरण भी बेहतर होगा. पांडेयपुर पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष निरंजन सिंह ने पंचायत के वैसे क्षेत्रों में जल्द से जल्द हर घर नल का जल योजना का लाभ पहुंचाने एवं पकवालिया पंचायत की मांग की, जो अभी तक जल-नल योजना से वंचित हैं. उन्होंने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की. बैठक में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. इस अवसर पर डीडीसी अमिताभ कुमार सिंह, एडीएम प्रमोद राम, एसडीओ अनीता सिंह, डीएसपी अमन, बीडीओ सिंपी कुमारी, सीओ वेदप्रकाश नारायण, थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, आरओ स्वर्णिका चंद्रा, शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास भारद्वाज , बीएओ रामवीर सिंह यादव आपूर्ति अमूल्य नीलेन सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मुखिया रामकृष्ण सिंह उर्फ काका,निरंजन सिंह, मंसूर अंसारी, नईमुल हक सिद्दीकी, सरफुद्दीन अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि अरुण सिंह,चंद्रदेव यादव, राहुल तिवारी,आशुतोष तिवारी,उपस्थित थे.







