नेशनल डेस्क,श्रेयांश पराशर l
नई दिल्ली l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई दी है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता शाह ने हाल ही में नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है और उन्हें देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में भी देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह नेपाल के नए प्रधानमंत्री के साथ मिलकर दोनों देशों के लोगों के कल्याण और प्रगति के लिए काम करने को उत्सुक हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री बालेन्द्र शाह को हार्दिक बधाई।”
मोदी ने आगे कहा कि शाह की नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर जताए गए विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने भारत-नेपाल संबंधों को ऐतिहासिक और मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता, सहयोग और आपसी विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच विकास, व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सहयोग का दायरा व्यापक है और इसे और आगे बढ़ाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बालेन्द्र शाह ने हाल ही में नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिससे नेपाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।







