विदेश डेस्क,श्रेयांश पराशर l
काठमांडू l नेपाल में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के संसदीय दल के नेता बालेन्द्र शाह को देश का 47वां प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत की गई, जिसके अनुसार प्रतिनिधि सभा में बहुमत प्राप्त दल के नेता को सरकार बनाने का अधिकार होता है l
राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा किए जाने के साथ ही नए मंत्रिमंडल के गठन की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। बालेन्द्र शाह को प्रतिनिधि सभा में बहुमत प्राप्त दल के नेता के रूप में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बालेन्द्र शाह, जिन्हें ‘बालेन शाह’ के नाम से भी जाना जाता है, इससे पहले काठमांडू महानगरपालिका के मेयर रह चुके हैं। उन्होंने मेयर पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश किया और हाल ही में संपन्न आम चुनाव में जीत दर्ज कर पहली बार सांसद बने।
पेशे से इंजीनियर और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय बालेन शाह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनकी छवि एक साफ-सुथरे और विकासोन्मुख नेता की रही है। उनके नेतृत्व को नेपाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शाह का प्रधानमंत्री बनना देश की पारंपरिक राजनीति से अलग एक नई दिशा का संकेत है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि वे शासन, विकास और पारदर्शिता के अपने वादों को किस तरह जमीन पर उतारते हैं और देश की मौजूदा चुनौतियों का समाधान कैसे करते हैं।







