विदेश डेस्क, श्वेता प्रिया।
नेपाल : नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। नेपाली सेना ने त्रिशूली-III हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से 208 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बचाए गए लोगों में 43 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।नेपाली सेना के मुताबिक, सुरक्षित निकाले गए विदेशी नागरिकों में 38 चीनी और 5 भारतीय नागरिक शामिल हैं। ये सभी 26 अगस्त को रसुवा जिले में आई अचानक बाढ़ के बाद हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंस गए थे।
मलबे और पानी के बीच चला बचाव अभियान
बाढ़ के कारण सुरंग के आसपास का इलाका मलबे और पानी से भर गया था। इससे सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया। नेपाली सेना की टीमों ने मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से रास्ता तैयार कर लोगों को बाहर निकाला।
तीन जिलों में हजारों जवान तैनात
नेपाल सेना ने बाढ़ प्रभावित रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में 7 हजार से अधिक जवानों को राहत और बचाव कार्य में लगाया है। जवान प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने, तलाश अभियान चलाने और जरूरी राहत पहुंचाने में जुटे हैं। बाढ़ से क्षेत्र की कई हाइड्रोपावर परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। कुछ जगहों पर सुरंगों और परियोजना स्थलों तक पहुंचने वाले रास्ते मलबे के कारण बाधित हुए हैं। ऐसे स्थानों पर भी बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। नेपाल में खराब मौसम और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान अभी जारी है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।







