नेपाल बाढ़: 88 भारतीय सुरक्षित बचाए गए, टनल रेस्क्यू और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स काठमांडू में तैनात
नेशनल डेस्क , रानी कुमारी।
नई दिल्ली। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद विदेश मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा के कारण नेपाल में 287 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं।
हालांकि, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाते हुए शनिवार को चार और लोगों को सकुशल बचा लिया गया, जिससे सुरक्षित निकाले गए भारतीय नागरिकों की कुल संख्या बढ़कर 88 हो गई है।
चीन सीमा से 120 भारतीय नेपाल पहुंचे
विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ के कारण चीन के क्षेत्र में फंसे 120 भारतीय नागरिक शनिवार को जमीनी मार्ग से यात्रा करते हुए सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं। इसके अलावा, रसुवा स्थित एक जलविद्युत परियोजना से चार भारतीय नागरिकों—रिपु कुमार, चनेश्वर नरजारी, कृपा शंकर और मोहम्मद मिनहाजुद्दीन—को सुरक्षित निकाला गया है।
डीएनए जांच और सुरंग बचाव के लिए भारतीय विशेषज्ञ तैनात
राहत और बचाव कार्यों में नेपाल सरकार का पूर्ण सहयोग करते हुए भारत ने अपनी कई विशेष टीमें काठमांडू भेजी हैं। भारत से छह फॉरेंसिक विशेषज्ञ टीमें शनिवार को काठमांडू पहुंच गई हैं, जो मृतकों के पार्थिव शरीरों के अवशेषों की पहचान के लिए आवश्यक डीएनए नमूनों का विश्लेषण करने में मदद करेंगी। वहीं, सुरंग बचाव के लिए भारत की एक विशेष तकनीकी टीम शुक्रवार को काठमांडू पहुंच चुकी है और उसने प्रभावित क्षेत्रों में शनिवार से अपना काम शुरू कर दिया है। इस तकनीकी टीम की सिफारिशों के आधार पर आवश्यक आधुनिक उपकरणों के साथ भारत से एक और विशेष सुरंग बचाव दल तैनात किया जा रहा है।







