नेपाल: भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ के मृतकों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा लायन्स क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी ने दीप प्रज्वलित कर दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवारों के प्रति जताई संवेदना
स्टेट डेस्क, लालबाबू सिंह।
रक्सौल / बीरगंज: लायन्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 325S के अंतर्गत लायन्स क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी के तत्वावधान में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की चिरशांति के लिए श्रद्धांजलि सभा, दीप प्रज्वलन एवं शांति पाठ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
गहवामाई मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में सुबह 7 बजे दीप प्रज्वलित कर एक मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद पंडित जितेंद्र कुमार झा द्वारा शांति पाठ कराया गया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन राम बिहारी पांडे, डिस्ट्रिक्ट चीफ एवं चार्टर्ड प्रेसिडेंट लायन अशोक बेरिवाल, जोन चेयरपर्सन एवं इमिडिएट पास्ट प्रेसिडेंट लायन उमेश कुमार गुप्ता, सचिव लायन नेल्सन भंडारी, सह-सचिव लायन प्रसिद्धि आनंद सिंह, सदस्य लायन श्रुति गुप्ता एवं लायन कोमल गुप्ता सहित गहवामाई संचालक समिति के सदस्य गणेश ठाकुर, भोला कहार और संजय कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डिस्ट्रिक्ट 325S के लायन राम बिहारी पांडे ने विनाशकारी बाढ़ से उत्पन्न अकल्पनीय विपदा की घड़ी में सभी लोगों से एकजुट होकर पीड़ितों की सेवा एवं सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लायन्स क्लब ने राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है और भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने बाढ़ में जान गंवाने वाले सभी लोगों की आत्मा की चिरशांति के लिए प्रार्थना की।
क्लब की अध्यक्ष लायन पिया सिंह एवं डिस्ट्रिक्ट चीफ एवं चार्टेड प्रेसिडेंट लायन अशोक बेरीवाल ने संयुक्त रूप से भोटेकोशी और त्रिशूली नदी की प्रलयकारी बाढ़ में दिवंगत हुए सभी लोगों के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा लापता लोगों के सकुशल होने की कामना भी की।
लायन्स क्लब ऑफ वीरगंज मेट्रो सिटी ने प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए लोगों से जागरूक एवं जिम्मेदार बनने की अपील की। क्लब ने "Service With Pride" की भावना के साथ सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर लायन्स क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322E, जोन 41 रक्सौल के जोन चेयरपर्सन सह डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवं भारत विकास परिषद्, रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल सर्राफ ने भी रक्सौल से अपने भेजे संदेश के द्वारा भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ में दिवंगत लोगों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रेषित की।
बिमल सर्राफ ने कहा कि इस भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि लायन्स की विचारधारा मूलतः मानवता की सेवा और जरूरतमंदों के सहयोग के लिए समर्पित है। आपदा की घड़ी में पीड़ित मानवता के साथ खड़ा होना ही सच्ची सेवा और मानवीय संवेदना है।
गौरतलब है कि लायन्स क्लब ऑफ वीरगंज मेट्रो सिटी ने अध्यक्ष लायन पिया सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को वीरगंज-4 स्थित त्रिजुद्ध स्कूल छात्रावास में अध्ययनरत दृष्टिबाधित एवं नेत्र संबंधी दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए शारीरिक स्वच्छता जागरूकता एवं बाल कटाई कार्यक्रम भी आयोजित किया था।







