एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा |
मराठी सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘तिघी’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म को प्रतिष्ठित न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल 2026 में शानदार सराहना मिली और इसे बेस्ट स्क्रीनप्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। फेस्टिवल में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों की बड़ी संख्या मौजूद रही और फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
फिल्म में भारती आचरेकर, नेहा पेंडसे और सोनाली कुलकर्णी मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘तिघी’ महिला जीवन, रिश्तों, संघर्ष और आत्म-खोज की संवेदनशील कहानी को प्रस्तुत करती है। खास तौर पर मां-बेटी के रिश्तों की भावनात्मक जटिलताओं को फिल्म में प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।
फिल्म के लेखन के लिए निखिल महाजन और प्राजक्ता देशमुख को सम्मानित किया गया। फेस्टिवल के दौरान अभिनेत्री-निर्माता नेहा पेंडसे और निर्देशक जीजीविषा काले ने दर्शकों के साथ संवाद भी किया और फिल्म की निर्माण प्रक्रिया तथा विषयवस्तु पर चर्चा की।
निर्देशक जीजीविषा काले ने कहा कि न्यूयॉर्क में फिल्म की सराहना मिलना पूरी टीम के लिए भावुक और गर्व का क्षण है। वहीं नेहा पेंडसे ने इसे मराठी सिनेमा के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
‘तिघी’ पहले से ही अपनी संवेदनशील कहानी और दमदार अभिनय के लिए चर्चा में रही है। अब न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में मिले सम्मान ने फिल्म की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत कर दिया है।







