लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
सुगौली : जिले के पटेर्वा सुगौली स्थित आधारभूत अस्पताल में शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 187 मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न बीमारियों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
थारु फार्मा मार्केटिंग, वीरगंज के आयोजन तथा युवा नेता एवं समाजसेवी मुकेश गौरो के सहयोग से आयोजित इस शिविर में चार विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें फिजिशियन एवं वृद्ध रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम उपाध्याय, नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश कुमार राय, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजू गुप्ता तथा मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कासिम अंसारी शामिल रहे।
शिविर के दौरान मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें बीमारी के अनुसार चिकित्सकीय सलाह दी गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा निःशुल्क शुगर जांच और दमा की जांच की विशेष व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों ने बताया कि शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचाना था। अक्सर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में इस तरह के शिविर से स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
शिविर के आयोजन में पटेर्वा सुगौली गांवपालिका ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। गांवपालिका की ओर से आधारभूत अस्पताल का भवन उपलब्ध कराने के साथ ही चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की गई।
आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए गांवपालिका, विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






