पलाश मुच्छल के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट में मामला दर्ज, आर्थिक विवाद से जुड़ा मामला; सांगली पुलिस जांच में जुटी
एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
बॉलीवुड सिंगर और म्यूज़िक कंपोज़र पलाश मुच्छल के खिलाफ महाराष्ट्र के सांगली जिले में एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत विज्ञान माने द्वारा दर्ज कराई गई है, जो भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के बचपन के मित्र बताए जाते हैं। मामले के सामने आने के बाद यह विवाद तेजी से सुर्खियों में आ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि एक प्रस्तावित फिल्म प्रोजेक्ट के सिलसिले में पलाश मुच्छल ने उनसे करीब 25 लाख रुपये निवेश के रूप में लिए थे। आरोप है कि यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका और पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब निवेश की रकम वापस मांगी गई, तो कथित तौर पर दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान पलाश मुच्छल पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना की सटीक तारीख और परिस्थितियों की पुष्टि जांच के दौरान की जा रही है।
इस पूरे मामले में स्मृति मंधाना का नाम केवल संदर्भ के रूप में सामने आया है। वह इस मामले में न तो शिकायतकर्ता हैं और न ही किसी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताई जा रही हैं।
फिलहाल, पलाश मुच्छल की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।







