लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/ दरौंदा थाना क्षेत्र के सतजोड़ा वार्ड संख्या-5 में बुधवार की देर रात पानी चलाने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट की घटना में एक पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
बताया जाता है कि पानी चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
112 वाहन पर तैनात पुलिस अधिकारी योगेंद्र तिवारी सहित टीम ने घायलों को तत्काल वाहन से महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी का इलाज शुरू किया। घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, घटना में रवि भूषण सिंह उर्फ मनोज सिंह, पिता रामबालक सिंह, शशी सिंह, पिता रवि भूषण सिंह तथा निभा देवी, पति रवि भूषण सिंह सहित कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि, मारपीट के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की पूरी स्थिति पुलिस जांच एवं दोनों पक्षों के आवेदन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद दरौंदा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिली है। संबंधित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






