स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
लखनऊ: राजधानी के पारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पालतू कुत्ते की गंभीर बीमारी से मानसिक तनाव में आईं दो सगी बहनों ने फिनायल पीकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
मृतक बहनों की पहचान 24 वर्षीय राधा सिंह और 22 वर्षीय जिया सिंह के रूप में हुई है। दोनों ग्रेजुएट थीं और परिवार के साथ रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, घर में पाले गए जर्मन शेफर्ड नस्ल के कुत्ते ‘टोनी’ से दोनों का बेहद गहरा भावनात्मक लगाव था। टोनी पिछले करीब एक महीने से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था।
बताया जा रहा है कि कुत्ते की बिगड़ती हालत ने दोनों बहनों को अंदर से तोड़ दिया था। परिवार वालों का कहना है कि टोनी के बीमार पड़ने के बाद दोनों बहनें काफी गुमसुम रहने लगी थीं। यहां तक कि अगर कुत्ता खाना नहीं खाता था, तो वे भी भोजन नहीं करती थीं।
घटना के दिन घर में मां मौजूद थीं। किसी काम से उन्होंने बेटियों को दुकान से सामान लाने भेजा था। थोड़ी देर बाद जब दोनों वापस लौटीं तो उनकी हालत बिगड़ने लगी और वे कराहने लगीं। मां के पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने फिनायल पी लिया है। यह सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें पालतू कुत्ते की बीमारी को लेकर गहरे मानसिक तनाव में थीं। मृतका के भाई ने भी यही कारण बताया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फिनायल कहां से लाया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक लगाव से जुड़े पहलुओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







