पूर्वी चम्पारण के 26 अंचलों के CO और सभी राजस्व पदाधिकारियों का वेतन स्थगित, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
मोतिहारी । सरकारी कार्यों के निष्पादन में लापरवाही और बार-बार निर्देश के बावजूद अपेक्षित प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराने को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। अपर समाहर्त्ता, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी मामलों की अद्यतन स्थिति तथा राजस्व महाअभियान के कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद बंजरिया अंचल को छोड़कर जिले के शेष सभी 26 अंचलों के अंचलाधिकारियों का प्रतिवेदन अब तक अप्राप्त है। वहीं राजस्व महाअभियान की प्रगति की समीक्षा में भी यह बात सामने आई कि अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारियों द्वारा अभियान के कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है।
प्रशासन ने इसे कार्य के प्रति उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं सरकारी आदेश की अवहेलना का द्योतक माना है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण ने बंजरिया अंचल को छोड़कर शेष 26 अंचलों के अंचलाधिकारियों एवं सभी राजस्व पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया है।
साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी एवं राजस्व महाअभियान से संबंधित प्रतिवेदन विभागीय पोर्टल पर अपलोड करें। इसके साथ ही उन्हें अपना स्पष्टीकरण पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपर समाहर्त्ता, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा।
स्पष्टीकरण में अधिकारियों को यह बताना होगा कि सरकारी कार्य में रुचि नहीं लेने के लिए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हेतु विभाग को प्रतिवेदित क्यों नहीं किया जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व एवं न्यायिक मामलों से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है।







